फिल्म ‘गोदान’ उत्तराखंड में टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला – Satya Voice

फिल्म ‘गोदान’ उत्तराखंड में टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला

  • मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और भारतीय संस्कृति, परंपराओं तथा सामाजिक मूल्यों से जुड़ा सशक्त संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्मों से समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है, इसलिए सरकार ऐसे रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित कर रही है।

गोवंश संरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है। उत्तराखंड में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही, गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

सामाजिक और सांस्कृतिक फिल्मों को मिलेगा समर्थन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहित करती रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *