- उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, आदि कैलाश-नाभिडांग-जॉलीकांग जुड़ेंगे एयर नेटवर्क से
देहरादून । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदि कैलाश, नाभिडांग और जॉलीकांग को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही सहस्त्रधारा से पूर्णागिरी के बीच हवाई सेवा जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हवाई संपर्क विस्तार की संभावनाओं को लगातार तलाशा जाए। पर्यटन सर्किट को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में हेलीपैड और हेलीपोर्ट सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि प्रदेश में नए हेलीपैड और हेलीपोर्ट विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि नैनीसैनी एयरपोर्ट को जल्द ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को हैंडओवर किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अपर सचिव आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।