देहरादून। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल, मई और जून महीने का राशन अप्रैल में ही एक साथ दिया जाएगा। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद राज्य में अंत्योदय और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े राशन कार्डधारकों को तीन महीने का खाद्यान्न अग्रिम रूप से वितरित किया जा रहा है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रत्येक पात्र व्यक्ति को तीन माह का कुल 15 किलो गेहूं या चावल मिलेगा। राज्य खाद्य आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संभावित आपूर्ति बाधाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हरिद्वार जिले में 2.55 लाख राशन कार्डों से जुड़े 11.33 लाख लाभार्थियों को 604 राशन दुकानों के जरिए तीन महीने का राशन दिया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति माह 13.3 किलो गेहूं और 21.7 किलो चावल मुफ्त मिलेगा, जबकि सफेद कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1.9 किलो गेहूं और 3.1 किलो चावल दिया जाएगा।
विभाग ने बताया कि राशन दुकानों तक स्टॉक पहुंचाया जा चुका है और ई-पॉस मशीनें अपडेट कर दी गई हैं। लाभार्थियों को राशन लेने के लिए तीन बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा।
