टिहरी लेक फेस्टिवल में गूंजेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नाम में पहली बार जुड़ा ‘हिमालयन O2’

देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित होने वाले टिहरी लेक फेस्टिवल के जरिए इस बार पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश भी दिया जाएगा। राज्य सरकार ने बड़े आयोजनों को पर्यावरण थीम से जोड़ने की पहल के तहत इस फेस्टिवल के नाम में पहली बार “हिमालयन O2” जोड़ा है। अब यह आयोजन हिमालयन O2 टिहरी लेक फेस्टिवल के नाम से आयोजित किया जा रहा है।

टिहरी के जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के अनुसार, आयोजन की रूपरेखा तैयार करते समय यह विचार सामने आया कि फेस्टिवल के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाए। इसी उद्देश्य से इसके नाम के साथ हिमालयन O2 जोड़ा गया, ताकि पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी व्यापक स्तर पर पहुंचे।

दरअसल, राज्य सरकार अपने बड़े आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण की थीम को अनिवार्य रूप से जोड़ रही है। वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों की थीम भी पर्यावरण पर आधारित रही थी। उस दौरान हरित वन विकसित करने, खिलाड़ियों को दिए जाने वाले मेडल और अन्य गतिविधियों में भी पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया था। इस पहल की देशभर में चर्चा भी हुई थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यावरण को लेकर देश-दुनिया में बढ़ती चिंता के बीच जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उत्तराखंड से लोगों की अपेक्षाएं भी काफी अधिक हैं, इसलिए राज्य सरकार बड़े आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश लगातार आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *