देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदू नवसंवत्सर और चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस दिन को नई ऊर्जा, नए संकल्प और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताते हुए सभी से सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास पर विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने माँ आदिशक्ति भगवती एवं देवाधिदेव महादेव से प्रदेश की समृद्धि और नागरिकों के सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नवसंवत्सर हमें जीवन में नई शुरुआत का अवसर देता है, वहीं चैत्र नवरात्रि शक्ति, भक्ति और आत्मशुद्धि का पर्व है। यह समय समाज में सद्भाव, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह नववर्ष प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता लेकर आए। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे।