विधान सभा में महिलाओं की संख्या थी 15, आज देश की संसद में हैं 115 महिलाएं- लोक सभा अध्यक्ष

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज की छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति का सम्मान भारतीय परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है। महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्री बाई फुले, बाबा साहब अंबेडकर जैसे समाज सुधारकों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वास्तव में, रानी लक्ष्मीबाई ने ही आजादी के आंदोलन की नीव रखी थी और बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी के कारण ही हमारा स्वतंत्रता संग्राम सफल हो सका।
बिरला ने आजादी के बाद से अब तक देश के विकास में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि हर क्षेत्र में आज देश की महिलाएं अग्रिम भूमिका निभा रही हैं। फाइटर प्लेन से लेकर सीमाओं पर युद्ध हो, चाहे अर्धसैनिक बल हो, हर जगह महिलायें अग्रिम पंक्ति पर खड़ी हैं। सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से लाखों महिलायें अपने छोटे-छोटे उद्योग चलाकर समाज में एक बड़ा बदलाव ला रही हैं।
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि देश महिला केंद्रित विकास के विजन को लेकर आगे बढ़ रहा है। जीवन के हर क्षेत्र में आज महिलाएं जिन उपलब्धियों को अपने नाम दर्ज करा रही है, वह अमृत काल में देश के संकल्पों के साकार होने का विश्वास दिलाती है।
--आईएएनएस
एसटीपी/एएनएम