दिल्ली शराब घोटाले पर भाजपा का 16 मार्च से 26 मार्च तक विरोध प्रदर्शान

दिल्ली शराब घोटाले पर भाजपा का 16 मार्च से 26 मार्च तक विरोध प्रदर्शान
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी और प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने बुधवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल सरकार द्वारा शराब घोटाले के खिलाफ भाजपा 16 मार्च से जन जागरण अभियान की शुरूआत करेगी जो 26 मार्च तक चलेगा।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि पिछले 15 दिनों से भाजपा अरविंद केजरीवाल के त्यागपत्र को लेकर आंदोलन कर रही है। भाजपा शुरू से ही यह बात कहती रही है कि शराब घोटाले के मुख्य सूत्रधार अरविंद केजरीवाल हैं। जिस कमेटी में इस नीति की मंजूरी दी गई उसकी अध्यक्षता खुद केजरीवाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के 123 वार्ड में शराब के ठेके खोलने की अनुमति नहीं होने के बावजूद वहां ठेके क्यों खोले?

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि देश का कानून दिल्ली सरकार को यह स्वीकृति नहीं देता कि शराब की बिक्री 10 बजे से बढ़ाकर सुबह 3 बजे तक कर दिया जाये जबकि इसके लिए पहले दिल्ली पुलिस से अनुमति और एनओसी लेनी होती है। लेकिन केजरीवाल ने बिना अनुमति लिए समयावधि बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा अब शराब घोटाले में चुप नहीं बैठने वाली है और जब तक केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते तब तक भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

कुलजीत सिंह चहल ने जन जागरण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 16 मार्च को भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने इलाके में घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएंगे और साथ ही केजरीवाल के शराब नीति में भ्रष्टाचार का उजागर करेंगे। 17 मार्च को दिल्ली भाजपा प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही 18 मार्च को दिल्ली के प्रमुख बाजारों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि 19, 20 और 26 मार्च को डोर टू डोर कैंपेन किया जाएगा। 21 मार्च को दिल्ली के जंतर मंतर पर एक विशाल विरोध प्रदर्शन कर केजरीवाल सरकार की बर्खास्तगी की मांग करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके बाद 23 मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 25 मार्च को भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे दिल्ली के मंत्रियों और विधायकों के घर या कार्यालय के बाहर पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

--आईएएनएस

एमजीएच/एसकेपी

Share this story

TOP STORIESs