झारखंड में भी 'बजरंग बली' पर सियासी घमासान, झामुमो नेता के बयान पर भाजपा हमलावर

झारखंड में भी 'बजरंग बली' पर सियासी घमासान, झामुमो नेता के बयान पर भाजपा हमलावर

रांची, 18 सितंबर (आईएएनएस)। अब झारखंड की सियासत में भी बजरंग बली की एंट्री हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और पूर्व सांसद हेमलाल मुर्मू के बजरंग बली को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासत गरमा गई है।

हेमलाल मुर्मू ने कहा था कि भाजपा के लोग जमीन कब्जे के लिए बजरंग बली का इस्तेमाल 'लैंड एक्विजिशन ऑफिसर' के रूप में करते हैं। जहां भी जमीन कब्जाना हो, वहां रातों-रात लैंड एक्विजिशन ऑफिसर के रूप में बजरंग बली को खड़ा कर दिया जाता है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमलाल मुर्मू के बयान को जहरीली सोच का परिणाम बताया है।

उन्होंने कहा है कि इंडिया गठबंधन के घटक दलों की सनातन धर्म के प्रति घृणित सोच सामने आ रही है। झामुमो नेता हेमलाल मुर्मू ने बजरंग बली को अवैध जमीन पर कब्जा करने का जरिया बताया है। यही नहीं उन्होंने बजरंग बली के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। यह सनातनियों के लिए अपमान की बात है।

बजरंग बली आदिवासियों के भी देवता हैं, इसलिए उन्होंने आदिवासी समाज का भी अपमान किया है। ऐसे में हेमलाल के बयान के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को माफी मांगनी चाहिए।

हालांकि, झामुमो नेता हेमलाल मुर्मू बजरंग बली पर दिए गए अपने बयान से पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि हम देवी-देवताओं का सम्मान करते हैं। हमारा परिवार तीज और छठ पर्व मनाता है। हमारी ऐसी कोई मंशा नहीं है।

झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा है कि यूपी में संजय निषाद ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का अपमान किया। नरेश अग्रवाल ने भी हिन्दू धर्म और देवी-देवताओं पर अमर्यादित बयान दिया था। जीतन राम मांझी ने भी हिन्दू धर्म का अपमान किया था, तब ये लोग कहां थे।

उन्होंने कहा कि हेमलाल मुर्मू ने कहा था कि सनातन धर्म का अपमान भाजपा करती है। बजरंग बली की प्रतिमा को बिना प्राण-प्रतिष्ठा किए कहीं पर भी स्थापित कर देती है। हम लोग बजरंग बली के असली भक्त हैं। वे छद्म सनातनी हैं। हेमलाल मुर्मू के बयान का मकसद बजरंग बली के अपमान का नहीं था।

--आईएएनएस

एसएनसी

Share this story

TOP STORIESs