- जाखन और सिनोला में अवैध निर्माण पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, बहुमंजिला भवन सील
देहरादून। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विशेष अभियान के तहत जाखन और सिनोला क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में भवन सीलिंग की कार्रवाई की है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र या स्वीकृति से अधिक निर्माण करने वालों के खिलाफ ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।
जाखन में बहुमंजिला अवैध निर्माण पर सीलिंग
पहला मामला जाखन, राजपुर रोड क्षेत्र का है। यहां कपिल कुमार थापा द्वारा बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। शिकायतों और निरीक्षण आख्या के आधार पर प्रवर्तन टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं था और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए अतिरिक्त निर्माण किया जा रहा था।
संबंधित व्यक्ति को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया। निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने भवन को सील कर दिया।
सिनोला सप्लाई रोड पर तृतीय तल पर अवैध निर्माण
दूसरा मामला सिनोला सप्लाई रोड, देहरादून का है। यहां एक पूर्व निर्मित भवन के तीसरे तल पर बिना स्वीकृति अतिरिक्त निर्माण किया जा रहा था। मौके पर जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि आवश्यक मानचित्र स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई थी।

प्राधिकरण द्वारा पहले चेतावनी और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। लगातार नियमों की अनदेखी के चलते संबंधित परिसर को विधिक प्रक्रिया पूरी कर सील कर दिया गया।
अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई
दोनों मामलों में कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों के अनुपालन में की गई। अभियान का संचालन सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने किया । आवश्यकतानुसार स्थानीय प्रशासन का सहयोग भी लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माण से शहर की आधारभूत संरचना पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे यातायात, जल निकासी और अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना स्वीकृत मानचित्र या स्वीकृति से अधिक निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि नोटिस के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर सीलिंग सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नागरिकों से अपील
प्राधिकरण ने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विधिवत मानचित्र स्वीकृति प्राप्त करें और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही निर्माण करें। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।