देहरादून सर्किट हाउस एनेक्सी का होगा कायाकल्प, धामी सरकार देगी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया रूप

  • लोकसंस्कृति की झलक के साथ तैयार होगा राज्य अतिथि गृह, पहले चरण में 16 कमरों का नवीनीकरण शुरू

देहरादून। आवास विभाग, देहरादून की ओर से राज्य की अतिथि सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर देहरादून स्थित सर्किट हाउस एनेक्सी का कायाकल्प किया जाएगा।

गुरुवार को आवास व राज्य संपत्ति सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने सर्किट हाउस एनेक्सी का औचक निरीक्षण कर नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लोकसंस्कृति और आधुनिकता का संगम

निरीक्षण के दौरान तय किया गया कि गेस्ट हाउस को सिर्फ मरम्मत तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के मेल के रूप में विकसित किया जाएगा। मीटिंग हॉल की दीवारों पर राज्य की पारंपरिक कला और संस्कृति को दर्शाने वाली पेंटिंग्स लगाई जाएंगी, जिससे यहां आने वाले अतिथियों को स्थानीय विरासत का अनुभव हो सके।

पहले चरण में 16 कमरों का नवीनीकरण

नवीनीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में मुख्य भवन के कक्ष संख्या 1 से 12 (भूतल और प्रथम तल) और डोरमैट्री के कक्ष संख्या 19 से 22 तक कुल 16 कमरों का कायाकल्प किया जाएगा। इन कमरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ इंटीरियर को भी आकर्षक बनाया जाएगा।

बेहतर लाइटिंग और खुले लॉन पर जोर

निरीक्षण के दौरान कोरिडोर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डोरमैट्री के पास स्थित लॉन क्षेत्र को अधिक खुला और उपयोगी बनाने के लिए बाउंड्री हटाने की बात भी कही गई।

दूसरे चरण में विस्तार की योजना

दूसरे चरण में गेस्ट हाउस के विस्तार और नई सुविधाओं पर फोकस किया जाएगा। अतिथियों की सुविधा के लिए नए गद्दे और सभी कमरों में डीटीएच कनेक्शन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अतिथि सुविधाएं बनाना सरकार की प्राथमिकता

आवास सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि राज्य के सभी अतिथि गृहों को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। सर्किट हाउस एनेक्सी का यह कायाकल्प न केवल भवन को नया रूप देगा, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती से प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *