देहरादून । सोमवार की सुबह शहर के लिए रक्तरंजित साबित हुई। मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी की दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में गोली लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:45 से 7:00 बजे के बीच तेज रफ्तार से आगे-पीछे चल रही दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार लोगों ने दूसरी गाड़ी का पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान चली एक गोली सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी को जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्रिगेडियर का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। उनका सिर्फ इतना कसूर था कि वह उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे।
घटना के बाद आरोपी अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिन निकलते ही सड़क पर हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है।