उत्तराखंड न्यूज़ : मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में पहुंचने पर दी बधाई – Satya Voice

उत्तराखंड न्यूज़ : मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में पहुंचने पर दी बधाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्य के खेल इतिहास का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल और आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, बेहतर टीमवर्क और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह का जुझारूपन और समर्पण दिखाया है, वह प्रशंसनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच और संसाधन मिल सकें और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए उत्तराखंड क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि टीम जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचेगी और राज्य का गौरव बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *