हरिद्वार में अमित शाह का दौरा: ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में करेंगे शिरकत, तैयारियाँ पूरी

  • हरिद्वार में अमित शाह का दौरा, ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार (7 मार्च 2026) को हरिद्वार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बड़े आयोजन को लेकर शासन-प्रशासन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप सहित पूरे हरिद्वार शहर को स्वागत के लिए सजाया-संवारा जा रहा है।

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने बैरागी कैंप में जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुचारु और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी व्यवस्थाओं का वरिष्ठ स्तर पर परीक्षण कर लिया जाए और आम जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

विकास प्रदर्शनी का भी होगा उद्घाटन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।

इसके अलावा कार्यक्रम में राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, विधायक आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल और अनीता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके साथ ही गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *