
अहमदाबाद : गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे का शिकार हो गई। विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो चुकी है। सिर्फ एक यात्री जीवित बचा है। एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी है।
एयरलाइन के मुताबिक, “हमें यह बताते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि फ्लाइट AI-171 में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। एकमात्र जीवित यात्री को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।”
बचने वाला यात्री ब्रिटिश नागरिक है जो भारतीय मूल का है।
विमान हादसे में मारे गए यात्रियों की राष्ट्रीयता का विवरण भी साझा किया गया है:
- 169 भारतीय नागरिक
- 53 ब्रिटिश
- 7 पुर्तगाली
- 1 कनाडाई
यह विमान गुरुवार दोपहर 1:38 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुआ था।
उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद यह बीजे मेडिकल कॉलेज के पास एक रिहायशी परिसर पर जा गिरा। टक्कर के साथ ही विमान में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं।
पीड़ित परिवारों के लिए बनाए गए हेल्प सेंटर
एयर इंडिया ने पीड़ितों के परिजनों के लिए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर Friends & Relatives Assistance Centres स्थापित किए हैं। इन केंद्रों के ज़रिए परिजनों की यात्रा और अन्य ज़रूरतों में मदद की जा रही है।
जरूरी हेल्पलाइन नंबर:
- भारत से कॉल करने वालों के लिए: 1800 5691 444
- अंतरराष्ट्रीय कॉलर्स के लिए: +91 8062779200
सरकार और एयर इंडिया दोनों ही स्तरों पर राहत और जांच कार्य जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।