- मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिव समिति बैठक में दिए अहम निर्देश, कुम्भ 2027 और ई-ऑफिस पर फोकस
देहरादून । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में सचिव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष की तैयारियों, कुम्भ मेला 2027, ई-ऑफिस, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधा से जुड़े कई अहम निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि अगले वित्तीय वर्ष में प्रस्तावित नए कार्यों के लिए 15 फरवरी तक सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने सभी कार्यों को लेकर वार्षिक कैलेंडर तैयार करे और उसी के अनुरूप विभागीय गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
कुम्भ मेला 2027 से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से स्वीकृतियां और प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी प्रवर्तन और निगरानी को और मजबूत करने पर जोर दिया। इसके लिए टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने और मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
पूंजी निवेश के लिए राज्यों को दी जाने वाली विशेष सहायता के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को गति शक्ति पोर्टल पर अपलोड करने और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने जन-जन की सरकार कार्यक्रम की सफलता का उल्लेख करते हुए तहसील दिवस और थाना दिवस को वर्षभर नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस को मुख्यालयों और जनपद स्तर के कार्यालयों में लागू किए जाने की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक सचिव समिति बैठक में की जाएगी।
नक्शा पास करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निर्देश दिए गए कि सभी प्राधिकरण नक्शा स्वीकृत होने के बाद संबंधित स्थानीय निकाय के साथ नक्शा और अन्य जानकारियां साझा करें, ताकि स्थानीय निकाय अपने डाटाबेस को अपडेट कर सकें।
इसके अलावा, कुछ विभागों में लागू लेबर कंप्लायंस टूल को प्रदेशभर में लागू करने की बात कही गई, जिससे श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संभव हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, धनंजय चतुर्वेदी सहित कई सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।