PM Modi 7–8 फ़रवरी को मलेशिया दौरे पर, व्यापार से सुरक्षा तक होंगे अहम समझौते – Satya Voice

PM Modi 7–8 फ़रवरी को मलेशिया दौरे पर, व्यापार से सुरक्षा तक होंगे अहम समझौते

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 से 8 फरवरी तक मलेशिया के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह दौरा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर हो रहा है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

यह प्रधानमंत्री मोदी का मलेशिया का तीसरा दौरा होगा और अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) के स्तर पर ले जाने के बाद पहला आधिकारिक दौरा है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपने मलेशियाई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इन बैठकों में भारत-मलेशिया संबंधों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और सहयोग को और मज़बूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे और उद्योग व व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाक़ात करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-मलेशिया संबंध बहुआयामी हैं और लगातार विस्तार कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा, सुरक्षा एवं समुद्री सहयोग, डिजिटल और फिनटेक, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी।

भारत और मलेशिया के रिश्ते ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक जुड़ाव पर आधारित हैं। मलेशिया में करीब 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो इसे दुनिया में भारतीय प्रवासियों की तीसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश बनाता है। यही प्रवासी समुदाय दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *