- अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने पौड़ी में किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, सैंजी गांव में ग्रामीणों से संवाद
पौड़ी गढ़वाल, 09 सितंबर 2025: मानसून के दौरान उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए भारत सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल का दौरा किया। दल ने तहसील पौड़ी के अंतर्गत सैंजी गांव का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और राहत कार्यों की सराहना की।
आपदा से हुई क्षति का वैज्ञानिक आकलन
केंद्रीय दल ने प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त घरों, सड़कों, पुलों, सार्वजनिक भवनों, पेयजल योजनाओं, विद्युत लाइनों, कृषि भूमि, फसलों, पशुधन और आजीविका से जुड़े संसाधनों की क्षति का विस्तृत अध्ययन किया। इस दौरान दल ने आपदा के समय उपलब्ध कराई गई खाद्यान्न सामग्री, पेयजल, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आश्रयों और बचाव कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की।
दल ने गांव में हुई क्षति का ड्रोन सर्वे का अवलोकन कर प्रशासन की त्वरित राहत कार्रवाई की प्रशंसा की और संतोष व्यक्त किया।
केंद्र सरकार को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
दल का नेतृत्व कर रहे भारत सरकार के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने कहा कि यह निरीक्षण आपदा से हुई वास्तविक क्षति का तथ्यात्मक आकलन करने और केंद्र सरकार को विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और जनजीवन सामान्य करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने बताया राहत कार्यों का विवरण
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि केंद्रीय दल की रिपोर्ट पर आधारित निर्णयों से पुनर्निर्माण कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच यह समन्वय आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास में सहायक सिद्ध होगा।
निरीक्षण में शामिल अधिकारी
केंद्रीय दल में उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह और वित्त निदेशक शैलेश कुमार शामिल रहे।
स्थानीय स्तर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।