कांग्रेस पार्टी की ओर से कल 14 दिसंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली का मुख्य उद्देश्य कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के खिलाफ जनता को जागरूक करना है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि हाईकमान के आह्वान पर प्रदेश से करीब 15 से 16 हजार कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही इस रैली के जरिए हम जनता को यह संदेश देंगे कि भाजपा किस तरह वोट मैनेजमेंट और चोरी कर सत्ता हथिया रही है। लोकतंत्र को बचाने के लिए यह लड़ाई जरूरी है।”
रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई बड़े नेता संबोधित करेंगे। देशभर से लाखों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में बसें और ट्रेनें दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं।
कांग्रेस का दावा है कि यह रैली लोकतंत्र बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। रैली दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगी।